श्रीवचन भूषण – सूत्रं १९८

श्री: श्रीमते शठकोपाय नमः श्रीमते रामानुजाय नमः श्रीमद्वरवरमुनये नमः श्री वानाचल महामुनये नम:

पूरी श्रृंखला

<< पूर्व

अवतारिका

इस ‘अपचार’ (जन्म के आधार पर दूसरों को आंकने का अपराध) का परिणाम जले हुए कपड़े या किसी अस्तित्वहीन वस्तु जैसा होता है; ऐसा व्यक्ति न केवल मृत्यु के समय नष्ट हो जाता है, साथ ही अपराध करते ही ‘कर्म-चाण्डाल’ (अपने कर्मों के कारण कुत्ते का मांस खाने वाले की स्थिति को प्राप्त करने वाला) बन जाता है।

सूत्रं – १९८

त्रिशन्कुवैप्पोले कर्म चण्डाळनाय्‌, मार्विलिट्ट यज्ञोपवीतन्दाने वाराय्‌ विडुम्‌.

सरल अनुवाद

त्रिशंकु की तरह, कर्म-चाण्डाल बनने पर, व्यक्ति का यज्ञोपवित (जनेऊ) उस पट्टे में बदल जाएगा जिसे चाण्डाल पहनते हैं।

व्याख्या

त्रिशन्कुवैप्पोले …

इक्ष्वाकु वंश के राजा त्रिशंकु ने अपने कुल-गुरु महर्षि वसिष्ठ से कहा, “आप मेरे लिए एक ऐसा यज्ञ करें जिससे मैं इसी शरीर के साथ स्वर्ग जा सकूँ।” महर्षि ने उत्तर दिया, “मेरे लिए यह करना असम्भव है।” राजा वहाँ से महर्षि वसिष्ठ के पुत्रों के पास गए जो तपस्या कर रहे थे। उन्होंने उन्हें अपनी बात बताई, उनकी सेवा की और उनसे आग्रह किया, “आपको मेरे लिए यह यज्ञ करना चाहिए।” उन्होंने राजा से कहा, “तुम दुष्ट बुद्धि वाले हो; जिसे स्वयं महर्षि ने असंभव बताया है, उसे हम कैसे कर सकते हैं?” जैसा कि श्रीरामायण के बालकाण्ड ५८.६ में कहा गया है – “तेषाम्‌ तत्‌ वचनम्‌ श्रुत्वा क्रोध पर्याकुलाक्षरम्‌ । सराजा पुनरेवतानिदम्‌ वचनम्‌ अब्रवीत्‌ ||” (उस महान राजा त्रिशंकु ने महर्षि वसिष्ठ के पुत्रों के क्रोध भरे शब्द सुने और उन्हें इस प्रकार उत्तर दिया) “प्रत्याक्यातो भगवता गुरुपुत्रैस्‌ तदैवच । अन्याम्‌ गतिम्‌ गमिष्यामि स्वस्तिवोस्तु तपोदना: ||” (हे तपस्वी जनों! गुणवान महर्षि वसिष्ठ ने मुझे मना कर दिया और उनके पुत्रों ने भी मुझे अस्वीकार कर दिया। मैं कोई दूसरा गुरु ढूँढ लूँगा; आप लोगों का कल्याण हो), त्रिशंकु क्रोधित हो गए और बोले, “यदि गुरु और उनके पुत्र कहते हैं कि वे सहायता नहीं कर सकते, तो मैं कहीं और चला जाऊँगा; आप लोगों का कल्याण हो।” अपने आचार्य (महर्षि वसिष्ठ) और स्वयं के प्रति त्रिशंकु का अपमान सुनकर महर्षि वसिष्ठ के पुत्र क्रोधित हो गए और गुस्से में बोले, “तुम चाण्डाल बन जाओ,” जैसा कि श्रीरामायण के बालकाण्ड ५८.९ में कहा गया है – “ऋषिपुत्रास्तु तच्छ्रुत्वा वाक्यं घोराभिसंहितम् । शेपुः परमसङ्क्रुद्धाश्चण्डालत्वं गमिष्यसि ॥ ” (महर्षि वसिष्ठ के पुत्रों ने वे दुष्ट उद्देश्य शब्द सुने, बहुत क्रोधित हुए और उसे चाण्डाल का रूप पाने का श्राप दे दिया); इसके पश्चात वह ‘कर्म-चाण्डाल’ बन गया, जैसा कि इस श्लोक में कहा गया है – “अथ रात्र्यां व्यतीतायां राजा चण्डालतां गतः । नीलवस्त्रधरो नीलः परुषो ध्वस्तमूर्धजः । चित्यामाल्याङ्गरागश्च आयसाभरणोऽभवत् ॥ ” (इसके पश्चात, उस रात के बीतने पर, महान राजा त्रिशंकु चाण्डाल बन गए; उनके शरीर पर काले कपड़े थे, शरीर का रंग काला पड़ गया था, बोली कठोर हो गई थी, बाल कम और उलझे हुए थे और शरीर पर चिता की मालाएं, श्मशान की भस्म (राख) मली हुई थी और लोहे के आभूषण सजे हुए थे, जैसे किसी शव पर सजाए जाते हैं।)

इस तरह, जब कोई भागवतों के प्रति अपराध करता है तो वह तुरंत ‘कर्म- चाण्डाल ‘ बन जाता है; और छाती पर पहना जाने वाला यज्ञोपवित (जनेऊ)—जो ब्रह्मवर्चस (ब्रह्म-ज्ञान का तेज) देने के लिए होता है— चाण्डाल के रूप के अनुरूप एक कटिबन्ध जैसा बन जाता है। त्रिशंकु के विषय में यह श्राप का परिणाम था इसलिए वह स्पष्ट दिखाई देता था; लेकिन यहाँ यह शास्त्र पर आधारित है, इसलिए यह केवल आंतरिक दृष्टि से ही दिखाई देगा।

ब्रह्मांड पुराण में कहा गया है – “अनाचारान् दुराचारान् अज्ञानून् हीनजन्मनः ।मद्भक्तान् श्रोत्रियो निन्दन् सद्यश्चाण्डालतां व्रजेत् ॥” (ब्राह्मणों में श्रेष्ठ व्यक्ति, जिसमें सभी प्रकार की महानता हो, यदि वह मेरे उन भक्तों की निंदा करता है जिन्होंने अच्छे आचरण का त्याग कर दिया है, जिनका आचरण दुष्ट है, जो अज्ञानी हैं या जिनका जन्म निम्न कुल में हुआ है, तो वह तुरंत चाण्डाल की स्थिति को प्राप्त हो जाएगा।)

अडियेन् केशव रामानुज दास

आधार – https://granthams.koyil.org/2021/08/21/srivachana-bhushanam-suthram-198-english/

संगृहीत- https://granthams.koyil.org/

प्रमेय (लक्ष्य) – https://koyil.org
प्रमाण (शास्त्र) – https://granthams.koyil.org
प्रमाता (आचार्य) – https://acharyas.koyil.org
श्रीवैष्णव शिक्षा/बालकों का पोर्टल – http://pillai.koyil.org

Leave a Comment